विकास नंद/सर्वव्यापी
11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 23 सितंबर को महासमुंद जिले के चार विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इन मेलों में नागरिकों को आयुष चिकित्सा सेवाओं के साथ स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जानकारी दी जाएगी।संचालनालय आयुष, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं भारत सरकार के आयुष मंत्रालय की पहल पर आयोजित इन स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत किया जा रहा है।जिले में चार स्थानों पर स्वास्थ्य मेले आयोजित होंगे। महासमुंद विकासखंड में शासकीय आयुष पॉलीक्लीनिक, बागबाहरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिथौरा में ग्राम लक्ष्मीपुर तथा बसना में ग्राम उमरिया में नागरिक स्वास्थ्य मेले का लाभ ले सकेंगे।स्वास्थ्य मेले में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी एवं योग चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, रोगों की रोकथाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, योग, दैनिक दिनचर्या तथा स्वास्थ्यवर्धक आदतों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।मेले में नेत्र परीक्षण, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय एवं आयुष चिकित्सा परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा स्वस्थ जीवनशैली एवं रोगों की रोकथाम पर जागरूकता व्याख्यान, औषधि प्रदर्शनी तथा योगाभ्यास जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।प्रभारी जिला आयुष अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 23 सितंबर को अपने नजदीकी आयुष स्वास्थ्य मेले में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं।


