
विकास नंद/सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री सरला कोसरिया ने मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि मंत्री गजेंद्र यादव से सौजन्य मुलाकात कर सरायपाली विधानसभा क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान सरला कोसरिया ने क्षेत्र के अनेक शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, शिक्षकों के संलग्नीकरण से उत्पन्न असंतुलन तथा शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न शिकायतों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि शिक्षकों की कमी और संलग्नीकरण की व्यवस्था के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक विद्यालय में आवश्यकता के अनुरूप शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।उन्होंने शिक्षा विभाग से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने तथा विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उनका कहना था कि सरायपाली विधानसभा क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में पीछे न रहे और ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिले।इस अवसर पर सरला कोसरिया ने छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की नवीन भर्ती की पहल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सरला कोसरिया ने कहा कि सरायपाली विधानसभा क्षेत्र की शिक्षा संबंधी समस्याओं का समाधान, विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार उनकी प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन के समक्ष जिम्मेदारी के साथ उठाकर उनके निराकरण के लिए निरंतर प्रयास करना उनका संकल्प है।उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा मंत्री के मार्गदर्शन एवं पहल से क्षेत्र की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।



