
नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)
साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से उनकी समस्या के संबंध में जानकारी ली और प्रस्तुत आवेदनों का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर जनसुनवाई में उम्मीद के साथ पहुंचते हैं, इसलिए उनके आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए अनावश्यक विलंब से बचना जरूरी है।उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई पूरी करने के साथ आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपने प्रकरण की स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित कुल 18 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें सूचना के अधिकार के तहत जानकारी उपलब्ध नहीं कराने, वन अधिकार पट्टा की भूमि पर अन्य लोगों द्वारा कब्जा कर खेती करने, रिकॉर्ड दुरुस्ती, अनुदान राशि दिलाने, अनुकंपा नियुक्ति, भूमि आबंटन तथा सार्वजनिक निस्तार के लिए रास्ता उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित आवेदन शामिल रहे।
कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए प्रत्येक प्रकरण का समुचित परीक्षण कर पात्रता एवं नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों में त्वरित कार्रवाई संभव है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए तथा जिन प्रकरणों में विस्तृत परीक्षण आवश्यक है, उनमें भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जनसुनवाई के माध्यम से जिला प्रशासन ने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



