Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का शिकंजा, 99 लीटर महुआ शराब और 1315 किलो महुआ लाहन जब्त।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 99 लीटर अवैध महुआ शराब और 1315 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया।आबकारी वृत्त बसना क्षेत्र के ग्राम सुखापाली में कार्रवाई के दौरान टिके बाई रत्नाकर के कब्जे से चढ़ी भट्ठी में तैयार 7 लीटर महुआ शराब एवं 15 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। वहीं ग्राम खुसरूपाली, थाना बसना में मोहपाल कोसरिया के मकान की तलाशी लेने पर प्लास्टिक डिब्बों में रखी 30 लीटर महुआ शराब एवं 900 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।इसी तरह ग्राम सलखण्ड के जंगल में संभागीय उड़नदस्ता रायपुर संभाग ने कार्रवाई करते हुए 45 लीटर महुआ शराब और 8 बोरियों में रखा 400 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। आबकारी वृत्त बागबाहरा के ग्राम सरायपाली-सुअरमाल में कमल प्रसाद टण्डन के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब तथा ग्राम बोकरामुड़ा, थाना बागबाहरा में दोलोराम गोड़ के कब्जे से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 39 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर मदिरा एवं महुआ लाहन जब्त किया गया। विभाग के अनुसार 3 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि एक आरोपी फरार है और एक प्रकरण में आरोपी अज्ञात है। फरार आरोपी की तलाश तथा अज्ञात आरोपी के संबंध में विवेचना जारी है।जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी टीम द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।उन्होंने नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन या संग्रहण की सूचना विभाग को देने की अपील की है। इसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07723-299317 तथा राज्य स्तर के टोल फ्री नंबर 14405 पर सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा मनपसंद एप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। विभाग का कहना है कि प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!