
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तिफरा, बिलासपुर के व्याख्याता जय कौशिक को शिक्षक दिवस के अवसर पर 05 सितंबर को लोकभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए सतत प्रयासों के लिए प्रदान किया जा रहा है।जय कौशिक ने अपने शिक्षकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि विकसित करने, बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और आधुनिक शिक्षण तकनीकों के प्रभावी उपयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी एवं रचनात्मक क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।शिक्षा के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें एक प्रेरणादायी शिक्षक के रूप में पहचान दिलाई है। विद्यालय में उनकी कार्यशैली न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है, बल्कि सहकर्मी शिक्षकों के बीच भी उनके प्रयासों की सराहना होती रही है।राज्यपाल शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होना जय कौशिक के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ ही स्वामी आत्मानंद विद्यालय तिफरा और बिलासपुर जिले के लिए भी गौरव का विषय है। उनके सम्मान से जिले के शिक्षकों और शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।05 सितंबर को राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, विद्यालय परिवार और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




