
विकास नंद/ सर्वव्यापी
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “आधुनिक भारत का विश्वकर्मा” बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास और निर्माण को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।मुख्यमंत्री साय ने निर्माण और विकास में श्रमिकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि देश और प्रदेश की प्रगति में श्रमिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार श्रमिकों के हितों, सुविधाओं और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
ई-रिक्शा अनुदान हुआ दोगुना
विश्वकर्मा जयंती पर आयोजित श्रमिक महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें ई-रिक्शा खरीदने के लिए मिलने वाले अनुदान को 50 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए तक करने की घोषणा प्रमुख रही। इसके साथ ही प्रदेश के शहरों में श्रमिक जन सुविधा केंद्र शुरू करने तथा श्रमिकों को ई-बाइक खरीदने के लिए सहायता उपलब्ध कराने की योजना की भी घोषणा की गई।सरकार के अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य श्रमिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर केंद्र की पीएम विश्वकर्मा योजना भी चर्चा में है, जिसके तहत पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को कौशल प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण सहायता और बाजार तक पहुंच जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।




