विकास नंद/ सर्वव्यापी

आयुर्वेद चिकित्सा परिषद रायपुर संभाग के चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में परिषद के प्रत्याशी डॉ. शिवनारायण ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा पूर्व मंत्री शिव डहरिया से शिष्टाचार भेंट कर चुनाव में उनका वोट, समर्थन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।भेंट के दौरान डॉ. शिवनारायण ने आयुर्वेद चिकित्सा परिषद चुनाव से जुड़ी जानकारी साझा की।
डॉ. रमन सिंह ने परिषद के गठन, निर्वाचन प्रक्रिया एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी लेते हुए चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं शिव डहरिया ने भी डॉ. शिवनारायण को सफलता के लिए शुभकामनाएं एवं अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर आयुर्वेद चिकित्सा व्यवस्था, परिषद की भूमिका तथा चिकित्सकों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। यह मुलाकात राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर आपसी सम्मान, आत्मीयता और पेशेवर प्रतिबद्धता का संदेश देती है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. रमन सिंह उसी महाविद्यालय के वरिष्ठ छात्र रहे हैं, जिससे डॉ. शिवनारायण जुड़े रहे हैं। ऐसे में यह भेंट केवल चुनावी समर्थन तक सीमित नहीं रही, बल्कि वरिष्ठ और कनिष्ठ के बीच वर्षों पुराने विश्वास और आत्मीय संबंधों की भी झलक देखने को मिली।
आयुर्वेद चिकित्सा परिषद रायपुर संभाग के चुनाव में डॉ. शिवनारायण को चिकित्सक समुदाय का व्यापक समर्थन मिल रहा है। चुनावी चर्चाओं में उन्हें जीत के प्रबल दावेदारों में शामिल माना जा रहा है।

