
विकास नंद /सर्वव्यापी

शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सरायपाली विकासखंड के स्व. मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कुणाल नायक अपनी कार्यशैली से आमजन के बीच अलग पहचान बना रहे हैं। ड्यूटी के निर्धारित समय के बाद भी वे जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों की मदद के लिए लगातार उपलब्ध रहते हैं।
डॉ. कुणाल नायक व्हाट्सएप और फोन के माध्यम से लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देते हैं। विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों में अभिभावकों को समय पर मार्गदर्शन मिलने से उन्हें काफी राहत मिलती है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि वे इस सेवा के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लेते।उनकी इस पहल से न केवल जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सकीय सलाह मिल रही है, बल्कि शासकीय स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हो रहा है। ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी मरीजों के लिए उपलब्ध रहना उनके सेवाभाव और अपने दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में पदस्थ चिकित्सकों द्वारा इसी तरह सेवाभाव के साथ कार्य किया जाए तो आमजन का शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा और मजबूत होगा। डॉ. कुणाल नायक की इस कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



