
विकास नंद/सर्वव्यापी
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा महासमुंद की प्रबंध समिति की बैठक कलेक्टर एवं पदेन अध्यक्ष विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों को मजबूत करने, सदस्यता विस्तार, ब्लड बैंक की निगरानी, जन औषधि केंद्र के संचालन तथा भवन एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में रेडक्रॉस सदस्यता सूची को अद्यतन करने और सदस्यता के लिए क्यूआर कोड विकसित करने का निर्णय लिया गया। सदस्यता विस्तार के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने तथा प्रत्येक विकासखंड में अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त करने पर भी सहमति बनी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से प्राप्त रेडक्रॉस शुल्क का ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए। रेडक्रॉस की आय बढ़ाने के लिए उद्योगों, खनिज संस्थानों, दवा दुकानों और निजी अस्पतालों को सदस्यता अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।
ब्लड बैंक की नियमित होगी निगरानी
जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। बिना अनुमति रक्तदान शिविर आयोजित करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।रेडक्रॉस भवन की मरम्मत को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा इसके बाद प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर सिस्टम स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। भवन परिसर में मीटिंग हॉल, बाउंड्रीवॉल और गेट निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही एवं राशि जारी करने पर भी सहमति बनी।
जन औषधि केंद्र और नशामुक्ति अभियान पर विशेष जोर
बैठक में जन औषधि केंद्र में सहायक स्टाफ रखने तथा निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में जन औषधि केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया। जिले में नशामुक्ति अभियान को विशेष प्राथमिकता देने पर भी चर्चा हुई।इसके अलावा रेडक्रॉस की गतिविधियों और उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक तैयार करने, कार्यालय में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने तथा कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि पर सहमति बनी। बैठक में वर्ष 2026-27 के बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, सभापति संदीप दीवान, उपाध्यक्ष भूपेन्द्र राठौर, सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव, जिला रेडक्रॉस अधिकारी एवं राज्य प्रतिनिधि डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी, कोषाध्यक्ष पारस चोपड़ा, संरक्षक सदस्य महेन्द्र कुमार श्रीश्रीमाल, पूर्व सभापति अनिता रावटे, डॉ. एम. वॉय मेमन, पूर्व उपसभापति दाऊलाल चंद्राकर, मनीष शर्मा, संजय शर्मा, सती साहू, प्रमोद तिवारी, प्रेम चन्द्राकर, अरशी अनवर, एच.आर. बघेल, यशवंत चौधरी, हीरा बंजारे, राजेश्वर खरे, विश्वनाथ पाणिग्रही सहित प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।




