
विकास नंद/सर्वव्यापी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को समय-सीमा की बैठक के बाद आयोजित जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग समिति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आधार के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर 2026 तक यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है, जबकि इसके बाद प्रत्येक व्यक्ति को 125 रुपये शुल्क देना होगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 5 वर्ष एवं 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि समय पर आधार बायोमेट्रिक अपडेट नहीं होने पर हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, छात्रवृत्ति, बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो सकती है। इसलिए सभी पात्र बच्चों और उनके अभिभावकों को आधार सेवा केंद्र अथवा अधिकृत आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्र पहुंचकर समय रहते यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान चलाने, पात्र बच्चों की सूची तैयार करने तथा 30 सितंबर 2026 तक सभी का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में अब तक 10 लाख 44 हजार 366 बच्चों का आधार पंजीकरण पूरा हो चुका है। वहीं 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 23 हजार 583 बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अभी शेष है, जिसे विशेष अभियान चलाकर पूरा किया जाएगा। इसके अलावा कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों का आधार पंजीकरण भी अभियान चलाकर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।बैठक में राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




