
विकास नंद/सर्वव्यापी
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 में आदिवासी विकास विभाग में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचार के लिए छात्रावास अधीक्षक दंपत्ति नीलेश खांडे एवं चित्ररेखा तारक को उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारी सम्मान से सम्मानित किया गया। जिले के प्रभारी एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने दोनों को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार मौजूद रहे।छात्रावास अधीक्षक नीलेश खांडे को यह जिला स्तरीय सम्मान चौथी बार मिला है। इसके अलावा वे राज्य स्तर पर भी दो बार उत्कृष्ट अधीक्षक के रूप में सम्मानित हो चुके हैं। वर्ष 2016 में सरायपाली विकासखंड के ग्राम बलौदा छात्रावास में पदस्थापना के दौरान उन्होंने बिना शासकीय मदद के जनसहयोग से स्मार्ट क्लास एवं लाइब्रेरी की स्थापना कर शिक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय बदलाव किया। इसके परिणामस्वरूप पहले अनुत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होकर प्रयास जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में चयनित होने लगे।इसी तरह चित्ररेखा तारक ने प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, बिछिया (बसना) में शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत सुधार करते हुए छात्रावास की व्यवस्था और शैक्षणिक वातावरण में व्यापक बदलाव किया।दंपत्ति की कार्यकुशलता एवं नवाचार को देखते हुए उन्हें नवनिर्मित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। दोनों ने जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संस्था के उद्देश्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।वर्तमान में जिला मुख्यालय में पदस्थ रहते हुए दोनों प्रशासनिक एवं सामाजिक दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं।
नीलेश खांडे पीएम जनमन, धरती आबा एवं आदि कर्मयोगी अभियान को वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के नोडल अधिकारी के रूप में विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति भुगतान सुनिश्चित कराने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है।लगातार उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव के लिए छात्रावास अधीक्षक दंपत्ति को मिला सम्मान जिले के लिए गौरव का विषय बना है।




