
विकास नंद/ सर्वव्यापी
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत महासमुंद जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों का पक्के और सुरक्षित घर का सपना साकार हो रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में जिले में योजना के कार्यों को गति देते हुए अप्रैल 2026 से अब तक 10,903 ग्रामीण आवास पूर्ण किए गए हैं। नवनिर्मित मकानों में हितग्राही परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गृह प्रवेश कर नए जीवन की शुरुआत की।पूर्ण हुए आवासों में महासमुंद विकासखंड में 2,921, बागबाहरा में 2,221, पिथौरा में 2,967, बसना में 1,132 तथा सरायपाली में 1,662 आवास शामिल हैं। नए आवासों में गृह प्रवेश के अवसर पर परिवारों ने पूजा-अर्चना की और घरों को रंगोली, फूल-मालाओं तथा पारंपरिक सजावट से सजाया।
सक्ती जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी। इसी क्रम में महासमुंद जिले में भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हितग्राही परिवारों ने अपने नवनिर्मित पक्के मकानों में विधिवत गृह प्रवेश किया।
कलेक्टर लंगेह के मार्गदर्शन में ग्रामीणों तक पहुंच रहा योजना का लाभ
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन में प्रशासन द्वारा हितग्राहियों को आवास निर्माण से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखने पर जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में ग्रामीण परिवारों को शासन की आवासीय योजना का लाभ दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
कच्चे मकान की परेशानियों से मिली राहत
बागबाहरा विकासखंड के ग्राम भालूचुवा की हितग्राही लक्ष्मीबाई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से पक्का घर मिलने के बाद परिवार की बड़ी चिंता दूर हो गई है। अब बारिश, गर्मी और मौसम की अन्य परेशानियों से राहत मिलेगी।ग्राम घोयनाबाहरा के हितग्राही सुकसिंग ने कहा कि पक्का घर मिलने से परिवार को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद मिली है। उनके लिए नया घर केवल एक मकान नहीं, बल्कि परिवार के भविष्य का मजबूत आधार है।नए घर में गृह प्रवेश का अवसर हितग्राही परिवारों के लिए भावुक और खुशी से भरा रहा। वर्षों से पक्के मकान का इंतजार कर रहे परिवारों ने अपने सपने के साकार होने पर केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को नए आशियाने के लिए शुभकामनाएं दीं।




