Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ा महासमुंद, गूंजे देशभक्ति के नारे, 900 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

आज जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में मिनी स्टेडियम महासमुंद से स्वतंत्रता एवं तिरंगा दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे आयोजित इस दौड़ में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखते ही बना। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, युवाओं, स्कूली बच्चों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित 900 से अधिक प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ लगाई।कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने हाथों में तिरंगा लहराकर किया। तिरंगा दौड़ मिनी स्टेडियम से प्रारंभ होकर बरोंडा चौक, शास्त्री चौक, सतबहनिया चौक, गांधी चौक और नेहरू चौक होते हुए पुनः मिनी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।दौड़ में स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, खेल संघों, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, रेडक्रॉस, पुलिस बल, वन विभाग तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर है। तिरंगा दौड़ जैसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी से देश की प्रगति और विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा दौड़ में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने युवाओं से देशहित में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह आयोजन जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का दिन है। तिरंगा दौड़ के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश पहुंचता है। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से आयोजन सफल और यादगार बना है। कलेक्टर ने सभी प्रतिभागियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले विभागों और संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।आयोजन को सफल बनाने में वन, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर पालिका, खेल संघ, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड सहित विभिन्न विभागों और संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े, पार्षद पीयूष साहू, राहुल आवड़े, महेंद्र सिक्का, आनंद साहू, राहुल चंद्राकर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू, डीएमसी रेखराज शर्मा, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार धृतलहरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!