
विकास नंद/सर्वव्यापी
जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य आयोजन मिनी स्टेडियम, महासमुंद में होगा, जहां जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान, परेड एवं विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह में जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल, स्कूली विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
समारोह को गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, बेरिकेटिंग, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।
80वें स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव का संदेश देगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।




