विकास नंद/सर्वव्यापी
विकासखंड सरायपाली के ग्राम पंचायत किसड़ी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सरपंच के कथित शुद्धिकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वायरल वीडियो में ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत सचिव द्वारा सरपंच पर गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो स्वयं ग्राम पंचायत किसड़ी के सरपंच द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। सरपंच ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।
सरपंच ने कहा कि देश को आजाद हुए इतने वर्ष बीत चुके हैं और आज भी यदि किसी शिक्षित एवं शासकीय जिम्मेदार पद पर पदस्थ कर्मचारी द्वारा इस तरह का कृत्य किया जाता है तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस घटना से वे बेहद आहत हैं।सरपंच के अनुसार, पूरे मामले को लेकर शासन-प्रशासन एवं समाज प्रमुखों से सलाह-मशविरा कर आगे शिकायत की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
इधर, स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दौरान सामने आए इस कथित घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मामले में वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और शुद्धिकरण किस कारण किया गया, इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


