
विकास नंद/सर्वव्यापी
महासमुंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी JETTA कार में बनाए गए सीक्रेट चेंबर से 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने बिहार निवासी एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा, कार और मोबाइल सहित 25.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस को सूचना मिली कि MH 02 CD 3140 नंबर की JETTA कार में उड़ीसा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर तस्करी की जा रही है।
सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम श्रवण यादव (39 वर्ष), निवासी अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) बताया। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर उसके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान कार की डिक्की में विशेष रूप से बनाया गया सीक्रेट चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखे गए 18 पैकेटों में कुल 37.940 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गांजा मदन रामपुर (ओडिशा) से लाकर रायपुर में खपाने की फिराक में था, लेकिन महासमुंद जिले की सीमा में प्रवेश करते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 37.940 किलोग्राम गांजा (कीमत 18.97 लाख रुपये), तस्करी में प्रयुक्त कार (कीमत 6 लाख रुपये) तथा एक मोबाइल (कीमत 5 हजार रुपये) जब्त किया। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 25.02 लाख रुपये आंका गया है।आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुख्य बिंदु:
सीक्रेट चेंबर वाली JETTA कार से 37.940 किलो गांजा बरामद।
बिहार निवासी अंतरराज्यीय तस्कर श्रवण यादव गिरफ्तार।
ओडिशा से रायपुर ले जाया जा रहा था गांजा।
गांजा, कार और मोबाइल सहित 25.02 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजा गया।


