
विकास नंद/ सर्वव्यापी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान आगामी 18, 19 और 20 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (आईआईएफ) की तैयारियों, उद्देश्यों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को गति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि रायपुर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाला यह औद्योगिक समागम छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश के लघु उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, जो एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने और उद्योगों के बीच व्यवसायिक सहयोग (बी2बी) को बढ़ावा देने के लिए कार्यरत है। तीन दिवसीय इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर में देशभर के उद्यमी, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ और तकनीकी संस्थान एक मंच पर जुटेंगे। आयोजन के माध्यम से आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन, उद्योग-व्यापार सहयोग और व्यापार विस्तार के नए अवसर विकसित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश के स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने, नई तकनीकों को अपनाने और अपने कारोबार का विस्तार करने का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फेयर छत्तीसगढ़ के एमएसएमई क्षेत्र को नई ऊर्जा देने के साथ राज्य को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाएगा।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी. पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे एवं प्रांजल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




