
विकास नंद/सर्वव्यापी
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस सहित आगामी आयोजनों की तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, सीएमओ तथा जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
प्लास्टिक तिरंगे की बिक्री पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीईओ अनुपमा आनंद ने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।उन्होंने जिले में प्लास्टिक के तिरंगे के विक्रय पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। व्यवसायियों को प्लास्टिक के तिरंगे का विक्रय नहीं करने के लिए जागरूक करने को कहा। साथ ही 15 अगस्त को जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में नियमानुसार ध्वजारोहण तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर घर तिरंगा अभियान में तिरंगा यात्रा और बाइक रैली पर जोर
हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा करते हुए अनुपमा आनंद ने जिला मुख्यालय के साथ सभी विकासखंडों एवं ग्रामों में तिरंगा यात्रा और बाइक रैली आयोजित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो संस्कृति विभाग के पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।उन्होंने बाइक रैली के दौरान यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा सभी प्रतिभागियों को हेलमेट पहनने के निर्देश दिए।
13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल, 14 को स्वतंत्रता दौड़
सीईओ ने बताया कि 13 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम का फुल ड्रेस रिहर्सल सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन होगा। इसके सफल संचालन के लिए खेल विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।14 अगस्त को आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को विभाजन के इतिहास से संबंधित जानकारी देने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
एक दिन में 2069 युवाओं ने कराया पंजीयन
बैठक में माय भारत पोर्टल पर युवाओं के पंजीयन की भी समीक्षा की गई। जिले को 32 हजार युवाओं के पंजीयन का लक्ष्य मिला है, जिसके विरुद्ध अब तक करीब 6 हजार युवाओं का पंजीयन हो चुका है।
एक ही दिन में 2069 युवाओं द्वारा पंजीयन किए जाने पर सीईओ ने पंजीयन की गति और तेज करने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी स्कूल-कॉलेजों में प्राथमिकता के साथ 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का पंजीयन कराने को कहा। नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के सीएमओ को भी अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लंबित कार्यों और जन शिकायतों की भी हुई समीक्षा
सीईओ अनुपमा आनंद ने बीबी-जी राम जी योजना के तहत प्रस्तावित एवं स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विभिन्न प्राधिकरणों के लंबित निर्माण कार्यों को पूर्ण करने, राजस्व एवं न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाब-दावा प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजी पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा जन शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण कर आमजन को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




