
विकास नंद/सर्वव्यापी
आयुर्वेद चिकित्सक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के पूर्व सदस्य डॉ. शिवनारायण द्विवेदी मंगलवार को बसना एवं सरायपाली प्रवास पर रहेंगे।
इस दौरान वे क्षेत्र के आयुर्वेद चिकित्सकों के साथ बैठक कर आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के सशक्तिकरण, चिकित्सकों की समस्याओं तथा आयुर्वेद के व्यापक विकास को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। बैठक में भविष्य की कार्ययोजना एवं संगठनात्मक रणनीति भी तय की जाएगी।
डॉ. शिवनारायण द्विवेदी वर्तमान में रायपुर संभाग से आयुर्वेद चिकित्सा परिषद (आयुर्वेद बोर्ड) के सदस्य पद के चुनाव मैदान में हैं। आयुर्वेद क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, सक्रिय योगदान और संगठनात्मक नेतृत्व को देखते हुए उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है।डॉ. द्विवेदी को प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं का भी समर्थन प्राप्त है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने उन्हें सहयोग का पूर्ण आश्वासन दिया है। समर्थकों का मानना है कि उनके नेतृत्व से आयुर्वेद चिकित्सा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी तथा चिकित्सकों के हितों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
बसना और सरायपाली में प्रस्तावित बैठक को आयुर्वेद चिकित्सकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने, आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार तथा चिकित्सकों के अधिकारों और हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक मंथन किया जाएगा।



