
विकास नंद/सर्वव्यापी
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों तथा ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़ी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। सीईओ ने प्रत्येक योजना की वर्तमान प्रगति, लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अनुपमा आनंद ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, नियमित मैदानी निरीक्षण करने और सतत मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने, मनरेगा के तहत रोजगार सृजन और स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने, स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा एनआरएलएम के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और विभागीय समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आरईएस के एसडीओ, मनरेगा एवं ग्राम पंचायत शाखा के कार्यक्रम अधिकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की अद्यतन प्रगति प्रस्तुत की, जिस पर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना तय की गई।




