
विकास नंद/ सर्वव्यापी
बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बच्चे के साथ असुरक्षित स्पर्श, शोषण, हिंसा या संकट की स्थिति दिखाई देने पर तत्काल चाइल्डलाइन 1098 पर संपर्क करें। पुलिस का संदेश है कि “बच्चों की सुरक्षा, हमारी ज़िम्मेदारी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।जारी जागरूकता संदेश में अभिभावकों और बच्चों को अच्छी और बुरी छुअन (Good Touch-Bad Touch) के बारे में जानकारी देने तथा बच्चों को किसी भी असहज स्थिति में बिना डर के “नहीं” कहना सिखाने की सलाह दी गई है। साथ ही, बच्चों को यह भी बताया जाए कि किसी भी परेशानी की जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या विश्वसनीय व्यक्ति को दें।
ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर भी महासमुंद पुलिस ने महत्वपूर्ण सलाह दी है। बच्चों से कहा गया है कि वे सोशल मीडिया या इंटरनेट पर अजनबियों से बातचीत न करें और अपनी निजी जानकारी, फोटो, मोबाइल नंबर या अन्य व्यक्तिगत विवरण किसी के साथ साझा न करें।
महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे के साथ दुर्व्यवहार, शोषण या संकट की आशंका हो तो बिना देर किए चाइल्डलाइन 1098 पर सूचना दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पुलिस का मानना है कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही बच्चों के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।




