
विकास नंद/ सर्वव्यापी
बलौदा में भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सवग्राम बलौदा में इस वर्ष भी सरस्वती शिशु मंदिर द्वारा कृष्ण जन्माष्टमी पर्व का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव से किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित मनमोहक नृत्य-नाटिका, भजन एवं आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों को सभी ने खूब सराहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगम सेवा समिति के संस्थापक एवं भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री प्रखर अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय समिति एवं ग्रामीणजनों का आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त करते हुए बच्चों की प्रतिभा की सराहना की और आयोजन की सफलता पर सभी को शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और सामूहिक भजन-कीर्तन में सहभागिता कर उत्सव को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया। कार्यक्रम में सरस्वती सरोज सेठ, पद्मिनी प्रदीप भोई, अनिता चौधरी, सुनील साहू, राजेश मेहर एवं भागेश्वर पटेल की गरिमामय उपस्थिति रही।संपूर्ण आयोजन ने धार्मिक आस्था और उत्साह को जीवंत करने के साथ ही सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक सहभागिता का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।




