
विकास नंद/सर्वव्यापी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को जगदलपुर स्थित महारानी अस्पताल पहुंचकर स्वयं रक्तदान किया। उनके इस कदम के जरिए शिविर में मौजूद युवाओं और कार्यकर्ताओं को रक्तदान के माध्यम से मानव सेवा का संदेश दिया गया।इस दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप भी उपस्थित रहे। महारानी अस्पताल तथा शासकीय मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें आम नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने भाग लिया।
रक्तदान के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शिविर में मौजूद रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी प्रचार या फोटो तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम है। एक यूनिट रक्त दुर्घटना, गंभीर बीमारी अथवा आपातकालीन स्थिति में किसी मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुड़ें और नियमित रक्तदान को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं। चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों के योगदान की भी उन्होंने सराहना की।
फोटो खिंचवाने वालों के बीच खुद रक्तदाता बने विजय शर्मा
सेवा संकल्प अभियान के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं के फोटो खिंचवाने की गतिविधियों के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का स्वयं रक्तदान करना चर्चा में रहा। उन्होंने रक्तदान को केवल कार्यक्रम की औपचारिकता न बनाकर इसे “रक्तदान जीवनदान” के संदेश से जोड़ते हुए युवाओं को आगे आने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर महारानी अस्पताल में एड्स जागरूकता, बचाव और आधुनिक उपचार संसाधनों पर आधारित नाटक का भी मंचन किया गया। विजय शर्मा ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों को दूर करने में जनजागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अस्पताल परिसर में पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने महारानी अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय, युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और रक्तदाता उपस्थित रहे।




