NewsGPMछत्तीसगढ़

कलेक्टर ने उप तहसील कार्यालय निमधा का किया औचक निरीक्षण, एग्रीस्टेक पंजीयन शिविरों का भी लिया जायजा, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद।

नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने बुधवार को मरवाही अनुविभाग के अंतर्गत उप तहसील कार्यालय निमधा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व कार्यों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेते हुए आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही राजस्व सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली।कलेक्टर ने कार्यालय में लंबित एवं निराकृत राजस्व प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की तथा अधिकारियों से राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

एग्रीस्टेक पंजीयन शिविरों का किया अवलोकन

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विजय दयाराम के. ने ग्राम पंचायत मालाडाड एवं उषाढ़ में आयोजित एग्रीस्टेक पंजीयन शिविरों का भी अवलोकन किया। उन्होंने शिविरों में चल रही पंजीयन प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली तथा मौके पर पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में पूछताछ की।कलेक्टर ने ग्रामीणों से एग्रीस्टेक पंजीयन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेते हुए यह भी जाना कि उन्हें पंजीयन कराने में किसी प्रकार की कठिनाई तो नहीं हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पारदर्शी और समयबद्ध राजस्व सेवाओं पर जोर

कलेक्टर ने कहा कि एग्रीस्टेक पंजीयन सहित सभी राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता, सुगमता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को उनके घर-द्वार के नजदीक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पात्र नागरिकों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर शासन की योजनाओं एवं राजस्व सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित रूप से शिविर आयोजित करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम मरवाही निकिता मरकाम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!