विकास नंद/सर्वव्यापी
सरायपाली के नई मंडी प्रांगण में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के समक्ष रखीं। विधायक ने सरायपाली में नालंदा लाइब्रेरी, इंडोर स्टेडियम तथा वृद्धाश्रम के निर्माण की मांग करते हुए इन कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृति एवं राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरायपाली के विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री साव ने सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र के लिए 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 154 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों से क्षेत्रवासियों को पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना और अमृत मिशन सहित विभिन्न सुविधाओं की सौगात मिली।
कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के अंतर्गत रेट्रोफिटिंग एवं एकल ग्राम योजना के तहत 24 ग्रामों में पेयजल सुविधा से जुड़े कार्यों तथा नगर के विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं एसटीपी निर्माण, जल प्रदाय अमृत मिशन 2.0 सहित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि यह पानी देने वाली सरकार है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जिस कार्य का भूमिपूजन करती है, उसका लोकार्पण भी उसी सरकार द्वारा किया जाता है। विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता तक उनका लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ अब सरायपाली का विकास भी तेजी से हो रहा है। बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक चातुरी नंद, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, जिला स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष हेमंत प्रधान, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




