
नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)
जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने और पेयजल के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल अर्पण दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 2 सितंबर को विकासखंड गौरेला के ग्राम बेदखोदरा में जल अर्पण दिवस आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत बेदखोदरा में जल प्रदाय योजना के कार्य पूर्ण होने के उपरांत योजना को औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच को जल अर्पण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
जल संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को जल के महत्व, जल संरक्षण तथा उपलब्ध पेयजल स्रोतों के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों को समझाया गया कि सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता के साथ-साथ जल स्रोतों का संरक्षण और पानी का विवेकपूर्ण उपयोग भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने पानी की प्रत्येक बूंद को सहेजने, जल का अनावश्यक अपव्यय रोकने तथा जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
जल जीवन मिशन से मजबूत हो रही जनभागीदारी
जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल अर्पण दिवस कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित रोस्टर के अनुसार किया जा रहा है। जारी रोस्टर के अनुसार ग्राम बेदखोदरा में 2 सितंबर को जल अर्पण दिवस आयोजित किया जाना निर्धारित था।इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीणों में ‘जल संरक्षण, जल संवर्धन और जल का विवेकपूर्ण उपयोग’ के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। साथ ही, हर घर तक सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक मजबूत करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




