
विकास नंद/ सर्वव्यापी
कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए ठेकेदारों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में धीमी प्रगति और लापरवाही पाए जाने पर 5 ठेकेदारों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी गई कि तत्काल कार्य शुरू नहीं करने पर ठेका निरस्त करने, डिबार करने तथा पेनाल्टी लगाने जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता पी.आर. वर्मा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता देवप्रकाश वर्मा, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ठेकेदार मौजूद रहे।कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों और सब-इंजीनियरों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन जैसे महत्वाकांक्षी अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक के दौरान ठेकेदारों ने कार्य में आ रही व्यावहारिक समस्याओं से भी अवगत कराया।
इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत एवं पंचायत विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में जानकारी दी गई कि महासमुंद जिले के 298 ग्रामों में जल जीवन मिशन के कार्य पूर्ण होने के बाद “हर घर जल” प्रमाणीकरण किया जा चुका है, जबकि 100 से अधिक ग्रामों में प्रमाणीकरण की प्रक्रिया जारी है।
कलेक्टर ने शेष कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर ग्रामीणों तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।




