
विकास नंद/ सर्वव्यापी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खाद्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में जिला स्तरीय सेवा सेतु कैंप आयोजित किया गया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शिविर का निरीक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा की और उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश दिए।कलेक्टर लंगेह ने नागरिकों से अपील की कि खाद्य विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान और योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी के लिए सेवा सेतु कैंप का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी कराना भी सुनिश्चित किया जाए।पीडीएस और राशनकार्ड संबंधी प्रक्रियाओं की दी जानकारीशिविर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और राज्य खाद्य योजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राशनकार्ड से संबंधित प्रक्रियाओं, पात्रता शर्तों और हितग्राहियों के अधिकारों की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई।शिविर में ई-केवायसी, आधार सीडिंग सहित राशनकार्ड से जुड़ी विभिन्न सेवाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया गया। साथ ही नए राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और पात्रता संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।खाद्य विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि आवश्यक प्रक्रियाओं को समय पर पूरा कराने से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। शिविर में जिला खाद्य अधिकारी आशीष चतुर्वेदी सहित विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।




