
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व के अवसर पर जहां बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुरक्षा की कामना करती हैं, वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के परिवहन विभाग में पदस्थ कर्मचारी हीरा लाल ध्रुव ने समाज को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में राखी केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को हर प्रकार के खतरे से बचाने के लिए जागरूक रहने का भी अवसर है।हीरा लाल ध्रुव ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर आम नागरिकों को अपना शिकार बना रहे हैं। कभी फर्जी बैंक कॉल, तो कभी ओटीपी मांगकर, कभी लिंक भेजकर तो कभी ऑनलाइन नौकरी, लॉटरी, निवेश और अन्य प्रलोभन देकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ा ली जाती है। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता से साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बचा जा सकता है।उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना बैंक खाता नंबर, एटीएम कार्ड की जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए तथा किसी भी ऑनलाइन लेन-देन से पहले उसकी सत्यता की जांच करना आवश्यक है। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना हो जाती है तो उसे बिना समय गंवाए तत्काल संबंधित पुलिस और साइबर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।परिवहन विभाग में पदस्थ कर्मचारी हीरा लाल ध्रुव का यह संदेश विशेष रूप से आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भाई अपनी बहन की सुरक्षा का संकल्प लेता है, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक को अपने परिवार के सदस्यों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लेना चाहिए। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की जानकारी देकर जागरूक बनाना आज के समय की बड़ी जरूरत है।उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर जिलेवासियों से अपील की कि इस पर्व पर केवल राखी का बंधन ही न बांधें, बल्कि अपने परिवार को साइबर ठगी से बचाने का भी संकल्प लें। सजग रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आएं। जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधियों के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच बन सकता है।




