Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

जनदर्शन में कलेक्टर का त्वरित निराकरण: बुंदेली की कन्या स्कूलें अब बालक शाला में होंगी संचालित…भवन निर्माण पूरा होने तक मिलेगी बेहतर व्यवस्था, प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

विकास नंद/सर्वव्यापी

जिले के साप्ताहिक जनदर्शन में मंगलवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें शिक्षा, राजस्व, पेंशन, वनाधिकार और भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।जनदर्शन में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय पिथौरा विकासखंड के ग्राम बुंदेली से जुड़े शिक्षा व्यवस्था के मामले में लिया गया।

ग्रामीण विमल महंत ने आवेदन देकर बताया कि शासकीय कन्या प्राथमिक शाला का संचालन वर्तमान में मंगल भवन में किया जा रहा है, जिससे छात्राओं को असुविधा हो रही है। उन्होंने मांग की कि कन्या प्राथमिक शाला को गांव के शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला भवन में संचालित किया जाए। साथ ही, शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला का नया भवन बनने तक उसकी कक्षाएं भी वहीं संचालित करने का आग्रह किया।मामले को गंभीरता से लेते हुए

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने तत्काल निर्देश दिए कि शासकीय कन्या प्राथमिक शाला एवं शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला की कक्षाएं भवन निर्माण पूर्ण होने तक शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला में संचालित की जाएं, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

जनदर्शन में बसना विकासखंड के ग्राम बड़ेटेमरी की सुबो बाई गोंड ने न्यायालय के आदेश के बावजूद अपनी भूमि पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने बसना तहसीलदार को तत्काल मामले का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके अलावा ग्राम कुसमीसरार के रघुलाल नंद ने ऑनलाइन भू-अभिलेख में खसरा सुधार, ग्राम बांसकूड़ा-2 के ग्रामीणों ने वनाधिकार पट्टा, बुंदेली के राजेंद्र ढीढी ने शासन से प्राप्त भूमि के कथित अवैध विक्रय तथा खुमान सिंह साहू ने पेंशन संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।

कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के दौरान अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!