Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

कलेक्टर से शिकायत के बाद बिरकोनी के तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रम विभाग की दबिश, श्रमिकों का रिकॉर्ड नहीं मिलने पर नोटिस जारी।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रम कानूनों एवं अन्य विभागीय नियमों के पालन की स्थिति जांचने के लिए जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने औद्योगिक क्षेत्र बिरकोनी में औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के आदेश तथा कार्यालय को प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई में तीन औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान श्रमिकों से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने पर तीनों प्रतिष्ठानों के प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है।संयुक्त टीम ने डी.एम.के. इंटरप्राइजेस, एएसजी एंटरप्राइजेस तथा लालवानी प्रिंट एंड पैक प्राइवेट लिमिटेड में पहुंचकर विभिन्न विभागों से संबंधित नियमों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण दल में जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला, श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र, पर्यावरण विभाग के एस.के. चौधरी, विधिक मापविज्ञान विभाग के निरीक्षक सिद्धार्थ दुबे तथा उद्योग विभाग के प्रबंधक दिनेश कुमार कंवर शामिल रहे।

श्रमिकों के अभिलेख नहीं मिले, तीनों प्रतिष्ठानों को नोटिस

निरीक्षण के दौरान श्रम विभाग ने न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948, वेतन भुगतान अधिनियम 1936 तथा छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण निधि अधिनियम 1982 के प्रावधानों के तहत जांच की। इस दौरान तीनों प्रतिष्ठानों के प्रबंधन द्वारा कार्यरत श्रमिकों से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसे गंभीरता से लेते हुए श्रम विभाग द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है।

एएसजी एंटरप्राइजेस में जेसीबी पर 4 हजार रुपये का जुर्माना

एएसजी एंटरप्राइजेस के निरीक्षण में परिवहन विभाग को फैक्ट्री परिसर में संचालित जेसीबी का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) एवं बीमा प्रमाणपत्र नहीं मिला। इस पर परिवहन विभाग ने 4 हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया। वहीं विधिक मापविज्ञान विभाग की जांच में धर्मकांटा बंद एवं असत्यापित पाया गया, जिस पर संबंधित प्रबंधन को पत्र जारी किया गया है। उद्योग एवं पर्यावरण विभाग की जांच में स्थिति सामान्य पाई गई।

डी.एम.के. इंटरप्राइजेस में अन्य विभागों को नहीं मिली अनियमितता

डी.एम.के. इंटरप्राइजेस में परिवहन, उद्योग एवं विधिक मापविज्ञान विभाग की जांच के दौरान कोई अनियमितता सामने नहीं आई। पर्यावरण विभाग ने भी व्यवस्थाओं को सामान्य पाया। हालांकि श्रम विभाग की जांच में श्रमिकों से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है।

लालवानी प्रिंट एंड पैक में तौल उपकरण मिले सत्यापित

लालवानी प्रिंट एंड पैक प्राइवेट लिमिटेड में पर्यावरण, परिवहन एवं उद्योग विभाग की जांच में स्थिति सामान्य पाई गई। विधिक मापविज्ञान विभाग द्वारा इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण सत्यापित पाए गए। हालांकि प्रतिष्ठान प्रबंधन को विधिक मापविज्ञान अधिनियम के अनुरूप जांच कार्य के लिए पर्याप्त मात्रा में बाट रखने के निर्देश दिए गए। वहीं श्रम विभाग की जांच में श्रमिकों का आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है।जिला प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रम कानूनों एवं विभागीय नियमों के पालन को लेकर जांच की गंभीरता सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!