
विकास नंद/ सर्वव्यापी

कुंभकार समाज के लिए सरायपाली में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सकारात्मक पहल करते हुए सहर्ष स्वीकार कर लिया है। उन्होंने भवन निर्माण के प्रस्ताव को आगामी बजट में शामिल करने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक रुख से कुंभकार समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त शम्भूनाथ चक्रवर्ती तथा कुंभकार महासंघ फुलझर अंचल, जिला महासमुंद के केंद्रीय अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ अशोक कुमार राणा (मनोज राणा) के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान पदाधिकारियों ने सरायपाली क्षेत्र में कुंभकार समाज के लिए एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी।मुख्यमंत्री ने समाज की आवश्यकता को समझते हुए सामुदायिक भवन निर्माण के प्रस्ताव पर सहमति जताई और इसे आगामी बजट में शामिल करने का भरोसा दिलाया। इस पहल को समाज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
सामुदायिक भवन का निर्माण होने से कुंभकार समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। इसके अलावा सामाजिक बैठकों, युवक-युवती परिचय सम्मेलन, वैवाहिक समारोह तथा विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए भी सुविधा मिलेगी। यह भवन समाज की एकजुटता, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती का केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर शम्भूनाथ चक्रवर्ती एवं अशोक कुमार राणा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामुदायिक भवन समाज की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता है। इसके निर्माण से सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण धरोहर साबित होगा।
समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए इसी तरह सकारात्मक पहल करती रहेगी।




