
विकास नंद/सर्वव्यापी

वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण रोकने पहुंची वन विभाग की गश्ती टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया है। महासमुंद वनमंडल के बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम तमोरा में हुई इस घटना के 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी गई है। पुलिस ने 20 नवंबर को सभी आरोपियों के विरुद्ध जारी गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चार घंटे तक बंधक बनाकर की गई थी मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर 2026 की है। महासमुंद वनमंडल के वन परिक्षेत्र बागबाहरा अंतर्गत आमाकोनी वृत्त के ग्राम तमोरा स्थित वन कक्ष क्रमांक 95 एवं 96 में अवैध अतिक्रमण की सूचना पर वन विभाग की गश्ती टीम वन भूमि की सुरक्षा एवं गश्त के लिए पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने वनकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए शाम लगभग 7:30 बजे से रात 11:30 बजे तक करीब चार घंटे बंधक बनाकर रखा। इस दौरान शासकीय कार्य में भी बाधा उत्पन्न की गई।
थाना खल्लारी में दर्ज हुआ था अपराध
घटना के संबंध में वन विभाग के कर्मचारी नवीन वर्मा ने 7 अक्टूबर 2026 को थाना खल्लारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296, 115(2), 351(3), 221, 132, 127(2), 191(2), 140(3) एवं 121(1) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।विवेचना के दौरान पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। इसके बाद सभी आरोपी प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, महासमुंद के न्यायालय से निर्धारित शर्तों के अधीन अंतरिम जमानत पर थे।
साक्षियों को धमकाने की आशंका पर जमानत निरस्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की जमानत निरस्त करने के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय, महासमुंद में आवेदन प्रस्तुत किया। प्रकरण की निष्पक्ष विवेचना प्रभावित होने तथा साक्षियों को डराने-धमकाने की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला एवं सत्र न्यायालय ने सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी।इसके बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, महासमुंद द्वारा आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। पुलिस ने 20 नवंबर को वारंट की तामिली कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ये हैं सभी 10 आरोपी
इस प्रकरण में लक्ष्मी ध्रुव (35 वर्ष), टेमिन बाई (57 वर्ष), कलाबाई (56 वर्ष), लक्ष्मी बाई (29 वर्ष), प्रदीप ध्रुव (38 वर्ष), सुखराम (45 वर्ष), गणेश (39 वर्ष), चंदन (36 वर्ष), संतकुमार (48 वर्ष) एवं लक्ष्मी (30 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम तमोरा, थाना खल्लारी, जिला महासमुंद के निवासी हैं।
वन भूमि पर अतिक्रमण और वनकर्मियों से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासकीय वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण, वन संपदा को नुकसान पहुंचाने तथा वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।विभाग के अनुसार, वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा तथा शासकीय वन भूमि के संरक्षण के लिए वन विभाग प्रतिबद्ध है। विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले वनकर्मियों के साथ मारपीट, उन्हें बंधक बनाने अथवा शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटनाओं पर नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




