Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

कलेक्टर विनय लंगेह ने ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान की तैयारियों को दिया जोर, आमजन से सहभागिता की अपील।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

सेवा संकल्प अभियान के तहत महासमुंद जिले में ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर व्यापक जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सड़क एवं साइबर सुरक्षा तथा सामाजिक दायित्व से जुड़े कार्यक्रम होंगे। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी आयोजन के निर्देश दिए।कलेक्टर लंगेह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

23 सितंबर से जल स्रोतों की सफाई और पौधरोपण

अभियान के प्रथम चरण में 23 सितंबर को नगरीय निकायों में तालाब, कुएं एवं अन्य जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता के साथ पौधरोपण कर जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

24 सितंबर को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष आयोजन

24 सितंबर को स्वच्छता अभियान के साथ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के अलावा सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे। कलेक्टर ने प्रत्येक नगरीय निकाय में कम से कम एक स्थान पर विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

विद्यालयों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तथा नगरीय क्षेत्रों में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम होंगे। विद्यार्थियों एवं नागरिकों को यातायात नियमों, साइबर ठगी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

25 सितंबर को प्लास्टिक मुक्त अभियान

25 सितंबर को जिले में प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया जाएगा। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को लेकर जनजागरूकता गतिविधियां होंगी। कलेक्टर ने कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

2 से 8 अक्टूबर तक दान उत्सव

2 से 8 अक्टूबर तक ‘दान उत्सव’ के तहत रक्तदान, देहदान, अंगदान, वस्त्रदान, विद्यादान और कौशलदान जैसी जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और वालंटियर्स की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कर नागरिकों को सेवा कार्यों से जोड़ा जाएगा।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को कार्यक्रमों की पूर्व तैयारी, स्थल चयन, संसाधनों की व्यवस्था और विभागीय समन्वय के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि इससे नागरिकों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी की स्थायी भावना विकसित हो।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!