
विकास नंद/सर्वव्यापी

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और शासकीय सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान के तहत 5 अक्टूबर को महासमुंद जिले में विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की 26 प्रमुख योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की पहल की जाएगी।अभियान के तहत जिले के महासमुंद, तुमगांव, बागबाहरा, पिथौरा और सरायपाली नगरीय निकायों में शिविर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चयनित गांवों में भी सेवा सेतु शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार महासमुंद विकासखंड के ग्राम तौरेला, बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पोषणाबांध कला, पिथौरा विकासखंड के ग्राम भोकुलडीह, बसना विकासखंड के ग्राम बिछिया एस तथा सरायपाली विकासखंड के ग्राम बलौदा में 5 अक्टूबर को सेवा सेतु शिविर आयोजित होंगे।
इन योजनाओं की मिलेगी जानकारी
शिविरों में आवास सुविधा, स्वच्छ जल एवं स्वस्थ जीवन, खाद्य सुरक्षा एवं पोषण, शिक्षा एवं कौशल विकास, स्वास्थ्य सुविधा तथा रोजगार एवं आजीविका सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ आवश्यकतानुसार सामग्री एवं सुविधाओं का वितरण भी किया जाएगा।सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और आम नागरिकों के बीच की दूरी कम करना है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। स्थानीय स्तर पर आयोजित इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा आयोजित यह अभियान सेवा, सुशासन और संतुष्टि के संकल्प के साथ आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन का प्रयास है कि पात्र हितग्राही योजनाओं की जानकारी के अभाव में किसी भी लाभ से वंचित न रहें और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।




