विकास नंद/सर्वव्यापी

आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले फर्जी चिकित्सकों और अवैध क्लीनिक संचालकों के खिलाफ जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायत के आधार पर सोमवार 23 नवंबर को राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सरायपाली के सरसीवा रोड स्थित ग्राम पतेरापाली में संचालित ‘डॉ. राव दवाखाना’ पर औचक दबिश दी। जांच में क्लीनिक संचालन के लिए आवश्यक वैध दस्तावेज और चिकित्सकीय योग्यता संबंधी प्रमाण नहीं मिलने पर दवाखाने को आगामी आदेश तक बंद करा दिया गया।
शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन
प्राप्त शिकायत के अनुसार सरायपाली के सरसीवा रोड पर प्रत्येक सोमवार सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ‘डॉ. राव दवाखाना’ के नाम से क्लीनिक संचालित किया जा रहा था। यहां बिना वैध चिकित्सकीय डिग्री एवं पंजीयन के यौन रोगों (गुप्त रोगों) का गारंटीशुदा इलाज करने का दावा किए जाने की शिकायत की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली को अवगत कराया, जिसके बाद संयुक्त जांच दल गठित कर कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आई संचालक की असली पहचान
23 नवंबर को नायब तहसीलदार सरायपाली, सहायक नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एक्ट) महासमुंद, राजस्व निरीक्षक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली की संयुक्त टीम ने दवाखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान क्लीनिक के बाहर ‘डॉ. राव दवाखाना (R)’ का बोर्ड और अंदर टेबल पर BAMS (AM) की नेम प्लेट लगी मिली।मौके पर मरीजों को परामर्श दे रहे व्यक्ति से जब टीम ने चिकित्सकीय डिग्री और पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे तो उसकी वास्तविक पहचान जावेद अली, पिता महमूद अली, निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में सामने आई। बताया गया कि वह ‘डॉ. राव’ नाम से दवाखाना संचालित कर रहा था।
डिग्री और लाइसेंस के दस्तावेज नहीं मिले
जांच दल ने संबंधित व्यक्ति से चिकित्सकीय योग्यता के प्रमाण पत्र तथा छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं (अनुज्ञापन) अधिनियम, 2010 (नर्सिंग होम एक्ट) के तहत क्लीनिक संचालन का लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि, वह मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने पंचनामा तैयार कर दवाखाने को तत्काल बंद करा दिया।
सात दिन का नोटिस, दस्तावेज नहीं देने पर होगी एफआईआर
स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को सात दिवस के भीतर समस्त वैध चिकित्सकीय योग्यता एवं पंजीयन संबंधी दस्तावेज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद के कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नर्सिंग होम एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और फर्जी चिकित्सकों में हड़कंप मचा है। वहीं, आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी बीमारी का उपचार कराने से पहले चिकित्सक की शैक्षणिक योग्यता एवं पंजीयन की पुष्टि अवश्य करें, ताकि झोलाछाप चिकित्सकों के चंगुल में फंसने से बचा जा सके।




