Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

बारिश की आशंका के बीच धान की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश।

विकास नंद सर्वव्यापी

मौसम में बदलाव और संभावित बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने धान उपार्जन केंद्रों में रखे खरीदे गए धान की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर विनय लंगेह ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बारिश, तेज हवा, जमीन की नमी और जलभराव से धान को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने सभी केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी एवं तिरपाल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। खुले में रखे धान के स्टैक को मजबूत रस्सियों से अच्छी तरह बांधने को कहा गया है, ताकि तेज हवाओं के कारण तिरपाल और कैप कवर उड़ने से धान भीगने की स्थिति निर्मित न हो। इसके साथ ही जमीन से आने वाली नमी और पानी से धान को बचाने के लिए पर्याप्त डनेज (Dunnage) की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।उन्होंने उपार्जन केंद्रों के फड़ के चारों ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और नालियों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए हैं। केंद्रों में किसी भी स्थिति में पानी का जमाव नहीं होना चाहिए। केंद्र प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि बारिश का पानी धान के स्टैक तक न पहुंचे और खरीदे गए धान को किसी प्रकार का नुकसान न हो।

तीन दिनों तक मुख्यालय में रहेंगे केंद्र प्रभारी

कलेक्टर ने सभी केंद्र प्रभारियों एवं समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर धान की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात परिस्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

199 केंद्रों में शुरू हुई धान खरीदी, अब तक 19,188 क्विंटल उपार्जन

जिले में कुल 202 धान उपार्जन केंद्रों में से 19 नवंबर तक 199 केंद्रों में खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 19,188 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। उपार्जित धान के सुरक्षित रखरखाव एवं व्यवस्थित भंडारण को लेकर प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

अवैध धान पर भी प्रशासन की कार्रवाई जारी

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के साथ ही अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध भी जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में महासमुंद जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। अब तक जिले में 3,461 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग के अनुसार 21 नवंबर तक चक्रवात ‘अकवान’ के सक्रिय रहने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद किसानों से खरीदे गए धान की सुरक्षा और खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!