Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने बिरकोनी, तुमगांव, बेमचा, कोसरंगी एवं पिटियाझर मंडी का किया निरीक्षण,टोकन व्यवस्था, धान की गुणवत्ता और किसानों की सुविधाओं का लिया जायजा।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ शासन की अपर मुख्य सचिव एवं महासमुंद जिले की प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने गुरुवार को जिले के बिरकोनी, तुमगांव, बेमचा, कोसरंगी धान खरीदी केंद्रों एवं पिटियाझर मंडी का निरीक्षण कर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों से धान की भराई और तौलाई के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जाए। यदि इस संबंध में शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समितियों को हमालों को धान भराई की राशि का भुगतान करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित खाद्य, मार्कफेड एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी सचिव ने खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं, टोकन व्यवस्था, धान की गुणवत्ता, हमालों की उपलब्धता तथा भंडारण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

किसानों से चर्चा कर जानी समस्याएं

बिरकोनी धान उपार्जन केंद्र के निरीक्षण के दौरान किसान राजेश चंद्राकर ने बताया कि उनके पास 53 एकड़ कृषि भूमि है और वे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने समिति पहुंचे हैं। प्रभारी सचिव ने टोकन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को टोकन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।किसान जीवन लाल द्वारा 144 क्विंटल धान विक्रय के लिए लाए जाने पर प्रभारी सचिव ने खरीदी प्रक्रिया का जायजा लिया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि उस दिन 13 किसानों के धान विक्रय के लिए टोकन जारी किए गए हैं तथा खरीदी कार्य में 15 हमाल कार्यरत हैं।

खसरा मैपिंग निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

प्रभारी सचिव ने कहा कि जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, ऐसे प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में उपलब्ध एग्रीस्टैक के माध्यम से ‘धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प का उपयोग कर खसरा मैपिंग की जाएगी।उन्होंने सभी पात्र किसानों के खसरों की मैपिंग निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। धान खरीदी की अवधि 15 जनवरी 2027 तक खसरा मैपिंग की कार्रवाई की जा सकेगी।

खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं की समीक्षा

इसके पश्चात प्रभारी सचिव ने तुमगांव धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि अब तक 8 किसानों ने धान विक्रय किया है। निरीक्षण के दिन एक किसान ने 16 क्विंटल धान बेचा।इसी तरह बेमचा उपार्जन केंद्र में बताया गया कि अब तक 59 किसानों द्वारा धान विक्रय किया जा चुका है तथा निरीक्षण के दिन 20 किसानों के टोकन जारी किए गए हैं।

प्रभारी सचिव ने खरीदी केंद्रों में धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं और खरीदी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को धान के स्थान पर अन्य फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया, ताकि कृषि विविधता को बढ़ावा मिले और किसानों को आय के वैकल्पिक अवसर प्राप्त हो सकें।

धान की सुरक्षा और भंडारण पर विशेष जोर

प्रभारी सचिव ने खरीदी केंद्रों में धान की सुरक्षा एवं रखरखाव के लिए पर्याप्त कवर और ड्रेनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान में नमी की मात्रा की जांच भी की। बिरकोनी उपार्जन केंद्र में जांच के दौरान धान में 16 प्रतिशत नमी पाई गई।उन्होंने धान की गुणवत्ता के अनुरूप खरीदी प्रक्रिया का पालन करने तथा किसानों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खरीदी केंद्रों में धान के व्यवस्थित भंडारण एवं प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। बफर स्टॉक के लिए अलग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि खरीदे गए धान का सुरक्षित और सुव्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित किया जाए।

जिले में 202 धान खरीदी केंद्र, 1.62 लाख किसान पंजीकृत

उल्लेखनीय है कि जिले में 159 समितियों के माध्यम से 202 धान खरीदी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इनमें 1 लाख 62 हजार 566 कृषक पंजीकृत हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के लिए कुल 11 लाख 17 हजार 884 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।25 नवंबर की स्थिति में जिले में अब तक 7,240 किसानों से 19,247.88 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं 149 समितियों में 1,910 किसानों द्वारा 35.77 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!