Newsछत्तीसगढ़

मंत्री के ओएसडी की फटकार के बाद जागे डीईओ, हाईकोर्ट के आदेश पर आखिरकार जारी हुआ नया पदस्थापना आदेश, पटेल को लगानी पड़ी थी मंत्री दरबार में गुहार।

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर जिला शिक्षा विभाग में पदस्थापना और युक्तियुक्तकरण से जुड़ा एक मामला अब प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के स्पष्ट निर्देश के बावजूद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा समय पर निर्णय लेकर नया आदेश जारी नहीं किया जाना आखिरकार विवाद का विषय बन गया। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि न्याय पाने के लिए प्रधान पाठक सोहित कुमार पटेल को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के समक्ष अपनी गुहार लगानी पड़ी। इसके बाद 25 नवंबर को मंत्री के ओएसडी राहुल सिंह ने बिलासपुर जिला शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार पाण्डेय को कड़ी फटकार लगाई। इस फटकार का असर अगले ही दिन 26 नवंबर को दिखाई दिया और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से नया पदस्थापना आदेश जारी कर दिया गया।प्राप्त आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने याचिका क्रमांक WPS No. 1295/2026 में 8 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय की कंडिका 5, 6 एवं 7 के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर को याचिकाकर्ता चित्ररेखा तिवारी एवं प्रतिवादी क्रमांक 7 सोहित कुमार पटेल की पदस्थापना के संबंध में विधि अनुसार स्वतंत्र निर्णय लेकर नवीन आदेश जारी करने के निर्देश दिए थे। न्यायालय के निर्देश के परिपालन में यह कार्रवाई समय पर होनी चाहिए थी, लेकिन आदेश जारी होने में हुई देरी ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली को सवालों के घेरे में ला दिया।मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 30 जनवरी 2026 को जारी पूर्व आदेश के तहत चित्ररेखा तिवारी, प्रधान पाठक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कन्या तारबहार को युक्तियुक्तकरण के माध्यम से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला फरहदा, विकासखंड बिल्हा में पदस्थ किया गया था। हालांकि उच्च न्यायालय के अंतरिम आदेश 6 फरवरी 2026 और अंतिम आदेश 8 अक्टूबर 2026 के अनुसार वे वर्तमान में तारबहार में ही कार्यरत थीं। वहीं सोहित कुमार पटेल ने 17 नवंबर 2026 को पदस्थापना के संबंध में अपनी लिखित सहमति भी प्रस्तुत कर दी थी।इसके बावजूद नया आदेश जारी होने में विलंब क्यों हुआ, यह सबसे बड़ा सवाल है। जब उच्च न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दे दिए थे और संबंधित पक्ष की ओर से आवश्यक सहमति भी प्रस्तुत कर दी गई थी, तब जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को स्वतंत्र निर्णय लेकर समय पर आदेश जारी करने में आखिर किस बात की बाधा थी? क्या विभागीय स्तर पर फाइल को अनावश्यक रूप से लंबित रखा गया या फिर न्यायालय के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लिया गया? इन सवालों का जवाब जिला शिक्षा अधिकारी को देना चाहिए।आखिरकार 26 नवंबर को जारी नवीन आदेश में चित्ररेखा तिवारी को एकीकृत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तारबहार तथा सोहित कुमार पटेल को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लिंगियाडीह में पदस्थ किया गया है। आदेश में सोहित पटेल को तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह आदेश उच्च न्यायालय के आगामी आदेशों के अधीन रखा गया है।इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम पहलू यह है कि जिस प्रशासनिक कार्रवाई को उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप समय पर पूरा किया जाना चाहिए था, उसके लिए संबंधित शिक्षक को मंत्री स्तर तक अपनी बात पहुंचानी पड़ी। 25 नवंबर को ओएसडी राहुल सिंह की कड़ी नाराजगी के बाद 26 नवंबर को आदेश जारी होना अपने आप में जिला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े करता है।अब सवाल जिला शिक्षा अधिकारी से है कि आखिर उच्च न्यायालय के आदेश का समय पर पालन क्यों नहीं हुआ? क्या किसी अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए मंत्री कार्यालय से हस्तक्षेप जरूरी है? यदि न्यायालय के निर्देशों के पालन के लिए भी किसी कर्मचारी को मंत्री दरबार में गुहार लगानी पड़े, तो जिला शिक्षा विभाग की जवाबदेही और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि जिला शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार पाण्डेय इस देरी को लेकर क्या स्पष्टीकरण देते हैं और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!