
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
जांजगीर कन्नौजिया तेली समाज बोड़सरा इकाई की बैठक रविवार, 1 नवंबर 2026 को मनका दाई मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने, सामूहिक विवाह में सहभागिता बढ़ाने तथा सामाजिक परंपराओं में समयानुकूल सुधार के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।बैठक में समिति की आर्थिक पारदर्शिता एवं बचत के लिए डाकघर में संयुक्त बचत खाता खोलने तथा सामूहिक विवाह समन्वय समिति के लिए इकाई अध्यक्ष अशोक कुमार साहू का नाम प्रस्तावित करने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष द्वारा सामूहिक विवाह के प्रत्येक जोड़े को 2,100 रुपये सहयोग देने की पूर्व घोषणा का भी उल्लेख किया गया।सामाजिक सुधार के तहत दाह संस्कार में निकट एवं अनिवार्य पारिवारिक संबंधियों को छोड़कर अन्य लोगों द्वारा कफन लाने की प्रथा बंद करने, पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने तथा तालाब से लौटने के बाद नाश्ते के पैकेट वितरण की परंपरा समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर सहमति बनी। इसी तरह दसवें दिन जोरन (टोकरी) लाने की परंपरा में बदलाव करते हुए निकट संबंधियों को छोड़कर अन्य लोगों के लिए नगद राशि देने की व्यवस्था को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया।बैठक में रथराम, कौशल, सत्यनारायण, दरशराम, जनमेजय, मलेचराम, नरेंद्र, कमल किशोर, कार्तिकराम, अशोक कुमार, दिलीप, गुरुजी, रामफल एवं छोटेलाल सहित समाज के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सामाजिक एकता, सहयोग और सकारात्मक बदलाव के लिए सामूहिक पहल का संकल्प व्यक्त किया।




