
विकास नंद,सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मनोज दास ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण प्रदेशवासियों के लंबे संघर्ष, जनभावनाओं और आकांक्षाओं का परिणाम है। पूर्व प्रधानमंत्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी ने प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन कर एक ऐतिहासिक सौगात दी थी। उनका यह दूरदर्शी निर्णय प्रदेश के इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।
मनोज दास ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की सोच थी कि छोटे राज्यों के गठन से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय संसाधनों एवं संभावनाओं के अनुरूप विकास को गति मिलेगी। छत्तीसगढ़ आज उनकी इसी दूरदर्शी सोच का साकार स्वरूप है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं, प्राकृतिक संपदा, मेहनतकश किसानों और सरल स्वभाव के लोगों के कारण देश में विशिष्ट पहचान रखता है। प्रदेश की कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था इसकी सबसे बड़ी ताकत है। यहां के किसानों की मेहनत ने छत्तीसगढ़ को देशभर में धान के कटोरे के रूप में पहचान दिलाई है।
मनोज दास ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राज्य निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों, आंदोलनकारियों और राज्य निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन भी है। हमें उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और खुशहाल छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।उन्होंने प्रदेशवासियों से आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकजुटता के साथ प्रदेश की तरक्की में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि अटल जी के सपनों के छत्तीसगढ़ को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।अंत में मनोज दास ने प्रदेश के किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं एवं समस्त नागरिकों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई।



