Newsछत्तीसगढ़

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर एकता नगर में महासमुंद का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व, राष्ट्रीय एकता परेड के साक्षी बने जिले के 51 नागरिक।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में महासमुंद जिले के 51 नागरिकों ने सहभागिता कर जिले का प्रतिनिधित्व किया। 31 अक्टूबर को विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ परिसर में आयोजित भव्य समारोह में शामिल होकर जिले के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश आत्मसात किया।

देशभर से पहुंचे लोगों की मौजूदगी में आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में महासमुंद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से नामांकित 51 सदस्य विशेष रूप से एकता नगर पहुंचे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड, भव्य आयोजन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस प्रतिनिधिमंडल के लिए विशेष आकर्षण रहीं। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन कर सरदार पटेल को किया नमन

एकता नगर प्रवास के दौरान महासमुंद जिले के नागरिकों ने विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा रियासतों के एकीकरण के माध्यम से अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को नमन किया।

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति की दिखी झलक

समारोह के दौरान आयोजित ‘भारत पर्व’ में छत्तीसगढ़ की समृद्ध पारंपरिक कला एवं शिल्पकला का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। डोकरा कला, बांस शिल्प और कोसा जैसे पारंपरिक उत्पादों की राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित झलक देखकर महासमुंद के नागरिक विशेष रूप से अभिभूत और गौरवान्वित हुए। इस आयोजन ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर देखने का अवसर प्रदान किया।

गांव-गांव तक पहुंचाएंगे राष्ट्रीय एकता का संदेश

समारोह में शामिल नागरिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और संस्कृतियों के लोगों को एक मंच पर एकता के सूत्र में बंधे देखना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस का यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर भी है।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने संकल्प लिया कि महासमुंद लौटकर वे अपने-अपने गांवों और क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से भी 7 कार्यकर्ताओं को शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, सरायपाली मंडल से रविन्द्र पंडा, और मनोज दास,बलौदा गिरीश साहू और केशव साहू छुईपाली मंडल नीलाम्बर नायक और भरत पटेल केदुवां मंडल से प्रमोद पटेल इस कार्यक्रम के साक्षी रहे हैं सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एकता का साक्षात दर्शन किया है,

इस प्रकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में महासमुंद जिले के कुल 51 नागरिकों की सहभागिता जिले के लिए गौरवपूर्ण और यादगार अवसर बन गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!