विकास नंद/सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ में कार्यरत मीडियाकर्मियों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा का सुरक्षा कवच उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य शासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत शासन द्वारा ‘छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना-2026’ का प्रारूप तैयार किया गया है। योजना को अंतिम रूप देने से पहले मीडिया जगत से जुड़े लोगों की राय और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।योजना के प्रारूप एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सुझाव भेजे जा सकेंगे। इसके लिए जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट पर योजना का प्रारूप प्रकाशित किया गया है, ताकि प्रदेशभर के पत्रकार और मीडियाकर्मी प्रस्तावित प्रावधानों का अवलोकन कर अपनी राय दे सकें।मीडियाकर्मी योजना के स्वरूप, बीमा सुरक्षा के प्रावधानों तथा इसके क्रियान्वयन से संबंधित अपने सुझाव निर्धारित अवधि में ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं।
इस पहल से प्रदेश के पत्रकारों और मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना संबंधी आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की उम्मीद जगी है। अब मीडिया जगत की नजरें इस बात पर रहेंगी कि प्राप्त सुझावों के आधार पर योजना को किस स्वरूप में अंतिम रूप दिया जाता है और इसका लाभ प्रदेश के कितने मीडिया कर्मियों तक पहुंचता है।




