Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशन में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, डिजिटल प्रणाली से होगी जनसंख्या की गणना, प्रगणक घर-घर जाकर पूछेंगे 40 सवाल।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर महासमुंद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। 12 एवं 13 अक्टूबर को जिला पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण के प्रथम दिन अधिकारियों को डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया और ऑनलाइन सीएमएमएस पोर्टल की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया गया।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने प्रशिक्षण में शामिल सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए, ताकि जनगणना से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जनगणना कार्य की तैयारियों, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

पहली बार डिजिटल माध्यम से होगी जनसंख्या गणना

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना प्रशिक्षक एवं सहायक संचालक मनोज कुमार महिलांगे ने बताया कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगे और उसे ऑनलाइन सीएमएमएस पोर्टल पर दर्ज करेंगे। प्रशिक्षण में पोर्टल के उपयोग, पंजीयन और डेटा प्रविष्टि की तकनीकी प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया गया।

प्रगणकों की नियुक्ति से लेकर मानदेय तक की तैयारी

प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर, तकनीकी एवं लिपिकीय सहायकों को समय पर प्रशिक्षण देने, सीएमएमएस पोर्टल पर पंजीयन कराने, क्षेत्रीय टीमों में पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जनगणना के द्वितीय चरण में पूर्व में कार्य कर चुके कर्मियों को प्राथमिकता से नियुक्त करने संबंधी जानकारी दी गई।इसके अलावा नियुक्ति आदेश एवं पहचान पत्र जारी करने, आवश्यक सहायक सामग्री उपलब्ध कराने, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य की शपथ दिलाने तथा मानदेय भुगतान जैसी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

अफवाहों पर अंकुश लगाने प्रचार-प्रसार के निर्देश

जनगणना कार्य के प्रति आम जनता को जागरूक करने के लिए चार्ज अधिकारियों को मीडिया और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न माध्यमों से स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनगणना से जुड़ी भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों का समय पर खंडन करने पर जोर दिया गया, ताकि आम लोगों के बीच किसी तरह का भ्रम या भय की स्थिति निर्मित न हो।

प्रशिक्षण में शामिल हुए जिले के अधिकारी

प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), ग्रामीण क्षेत्रों के चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा संबंधित शाखाओं के कर्मचारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के समापन पर अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी मधु साहू ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में आयोजित यह प्रशिक्षण जनगणना 2027 की तैयारियों को गति देने और डिजिटल माध्यम से जनसंख्या संबंधी आंकड़ों का व्यवस्थित संकलन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!