
विकास नंद/सर्वव्यापी
उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बारिश के कारण प्रदेश में खराब हुई सड़कों और पुलों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों सहित सभी क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त और निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुके नए निर्माण कार्यों को भी 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू करने को कहा।नवा रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंताओं, मंडलों के अधीक्षण अभियंताओं तथा संभागों के कार्यपालन अभियंताओं से प्रदेशभर की सड़कों और पुलों की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे। विभिन्न संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक से जुड़े।
बारिश थमते ही मरम्मत में तेजी के निर्देश
अरुण साव ने बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के लिए पुख्ता कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संभागों को आवश्यकता के अनुसार सड़क मरम्मत और संधारण के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने को कहा गया।उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अगले दो-तीन दिनों में अपने-अपने कार्यक्षेत्र का भ्रमण कर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सड़कों, पुलों और डिवाइडरों की मरम्मत के साथ उनकी साफ-सफाई तथा रंगाई-पुताई सुनिश्चित करने को कहा। मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में दो-तीन दिन फील्ड में रहकर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
15 अक्टूबर से नए कार्यों को मिलेगी रफ्तार
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें 15 अक्टूबर से पूरी गति के साथ शुरू किया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।उन्होंने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्टेड मार्ग उपलब्ध कराने और पर्याप्त साइनेज लगाने को कहा। परफॉर्मेन्स गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण का काम संबंधित ठेकेदारों के माध्यम से तत्परता से कराने के निर्देश भी दिए गए।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
अरुण साव ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन हो और विभाग की सकारात्मक छवि मजबूत करने वाले गुणवत्तापूर्ण कार्य किए जाएं।लोक निर्माण विभाग के कार्यालयों में चलेगा स्वच्छता अभियानसेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। कार्यालयों को गंदगी, कबाड़ और कूड़े-करकट से मुक्त रखने तथा परिसरों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही कार्यालयीन भवनों के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




