
विकास नंद/सर्वव्यापी

कलेक्टर विनय लंगेह ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में वीबीजी रामजी के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुक्तिधाम, बालिका शौचालय और डिफंक्ट बोरवेल से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए इनकी स्वीकृति प्रक्रिया सात दिवस के भीतर पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वीकृति मिलते ही कार्य तत्काल शुरू कराए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में वीबीजी रामजी के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के साथ ही श्रमिकों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध मानव संसाधन का अधिकतम उपयोग करते हुए रोजगार के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना तैयार कर पांच दिवस के भीतर प्रस्तुत करने को कहा।बैठक में कलेक्टर ने वीबीजी रामजी के स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों की पंचायतवार स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों की प्रगति में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित हो और स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में धरातल पर दिखाई दें।
प्रधानमंत्री आवास योजना की भी हुई समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से अप्रारंभ आवासों को तत्काल शुरू कर निर्माण कार्य पूरा कराने पर जोर दिया।उन्होंने अधिकारियों को आवास निर्माण की नियमित निगरानी करने और हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा, ताकि पात्र परिवारों को समय पर पक्का आवास मिल सके। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक परियोजना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




