NewsGPMछत्तीसगढ़

भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम।

नूरमोहम्मद, ब्यूरोचीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)

(सर्वव्यापी) भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के ऑडिटोरियम हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत विभाजन के दौरान विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष की त्रासदी को स्मरण करते हुए देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया गया। जनसंपर्क विभाग द्वारा विभाजन की थीम पर छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें विभाजन की ऐतिहासिक घटनाओं और उस दौर की पीड़ा को प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान हुई त्रासदी और आम नागरिकों की पीड़ा पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश की आजादी अनेक वीर सपूतों के त्याग और संघर्ष से प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका इतिहास के उस दौर की पीड़ा का स्मरण कराती है, जब लाखों लोगों को विस्थापन और अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इतिहास से सीख लेते हुए आपसी भाईचारा, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपची ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को स्मरण करना केवल इतिहास को जानना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को शांति, सद्भाव और एकता का महत्व समझाना भी है। उन्होंने नागरिकों से देशहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रम और तत्कालीन परिस्थितियों की जानकारी ली। जागरूकता कार्यक्रम के साथ कैंडल मार्च निकालकर विभाजन की त्रासदी में दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।इस अवसर पर कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, डीएफओ कुमार निशांत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुकेश रावटे,नगर पालिका गौरेला अध्यक्ष मुकेश दुबे सहित नगर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!