
विकास नंद/ सर्वव्यापी
सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टेमरी में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सरला कोसरिया ने कहा कि बेटियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना समाज और प्रदेश के विकास के लिए बेहद जरूरी है। सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं के लिए केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि उनके सपनों और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का माध्यम है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई की राह और अधिक सुगम बनेगी।उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां पढ़ें, आगे बढ़ें और आत्मनिर्भर बनें—यही विकसित एवं सशक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में हमारा संकल्प है।
सरला कोसरिया ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, खेल, प्रशासन, विज्ञान सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। जरूरत है कि उन्हें अवसर, प्रोत्साहन और उचित संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। शासन की योजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।साइकिल वितरण के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने शासन की इस योजना के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और समय की भी बचत होगी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सभापति कुमारी भास्कर, वरिष्ठ नेत्री पुष्पलता चौहान , जनपद सभापति उध्व नंद भाजपा के पदाधिकारी,विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



