
विकास नंद/ सर्वव्यापी
मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित केंद्र प्रवर्तित योजनाओं (CSS) की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के लाभार्थियों और विभिन्न वेंडर्स को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई तेजी से पूरी की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के तहत जरूरी स्वीकृतियां निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त करने के लिए व्यवस्थित प्रणाली विकसित की जाए। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग विभागीय अधिकारियों द्वारा की जानी चाहिए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में विभिन्न विभागों की केंद्र प्रवर्तित योजनाओं के लिए एसएनए स्पर्श (SNA-SPARSH) ऑनबोर्डिंग की स्थिति की समीक्षा की गई। एसएनए स्पर्श केंद्र सरकार की डिजिटल भुगतान प्रणाली है, जिसके माध्यम से मनरेगा सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के अंतर्गत राशि का हस्तांतरण किया जाता है। इसका उद्देश्य फंड ट्रांसफर में पारदर्शिता बढ़ाने और राशि के दुरुपयोग को रोकना है।बैठक में योजनाओं की मातृ स्वीकृतियों तथा लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को एसएनए स्पर्श पर योजनाओं की ऑनबोर्डिंग के लिए निर्धारित प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने और योजनाओं के अंतर्गत लंबित भुगतानों की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की प्रगति और संबंधित प्रक्रियाओं को लेकर विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक में आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, उद्योग एवं वाणिज्य एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भूवनेश यादव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो, विशेष सचिव वित्त चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




