Newsछत्तीसगढ़बिलासपुर

जर्जर सड़कों और जलभराव से त्रस्त जनता, सरकार विकास के नाम पर सिर्फ ढिंढोरा पीट रही : धनीराम।

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

समाजवादी पार्टी के पूर्व लोकसभा सांसद प्रत्याशी एवं युवा प्रदेश प्रवक्ता धनीराम यादव ने छत्तीसगढ़ सरकार पर प्रदेश में सड़क, जल निकासी और बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार की ओर से समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की गईं।धनीराम यादव ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में अनेक स्थानों पर सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। गांव-गांव में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नालों और नदियों का पानी सड़कों पर आ जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे लोगों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि सड़क का अस्तित्व ही नजर नहीं आता।उन्होंने बिलासपुर शहर का उदाहरण देते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर बड़े-बड़े विकास कार्यों और परियोजनाओं का दावा किया जाता है, लेकिन बारिश के दौरान शहर के अनेक हिस्सों में जलभराव की स्थिति सामने आ जाती है। नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगता है और लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है।यादव ने आरोप लगाया कि बरसात से पहले नालियों और जल निकासी व्यवस्था की समुचित सफाई एवं मरम्मत होनी चाहिए थी, लेकिन समय रहते इस दिशा में पर्याप्त काम नहीं किया गया। उन्होंने पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई के दौरान सफाई कर्मचारियों के नाले में फंसने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे व्यवस्था की जमीनी हकीकत सामने आती है।‘स्मार्ट सिटी’ के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार विकास के नाम पर बड़ी-बड़ी परियोजनाओं का प्रचार करती है, लेकिन आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। बारिश शुरू होने के बाद जेसीबी और अन्य संसाधन भेजकर कार्रवाई दिखाने के बजाय बरसात से पहले ही नालियों, सड़कों और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जानी चाहिए थी।धनीराम यादव ने कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी स्थिति चिंताजनक है। सड़क पर पानी भरने और सड़कें खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जल निकासी और नाली सफाई की स्थायी व्यवस्था की जाए।स्मार्ट मीटर के बढ़े हुए बिलों का भी उठाया मुद्दासमाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अपनी समस्या लेकर संबंधित विभागों में जाती है, लेकिन कई बार अधिकारियों द्वारा संतोषजनक समाधान नहीं किया जाता और लोगों को वापस लौटना पड़ता है।यादव ने कहा कि जनता ने सरकार को समस्याओं के समाधान और विकास के लिए चुना है। इसलिए सरकार को आम लोगों की शिकायतों और जमीनी समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को केवल कागजों और प्रचार में विकास दिखाने के बजाय धरातल पर जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।धनीराम यादव ने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की कि बारिश के दौरान उत्पन्न हो रही समस्याओं को तत्काल संज्ञान में लेते हुए जर्जर सड़कों की मरम्मत, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, नालियों की सफाई तथा बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो बारिश के मौसम में आम जनता की परेशानी और बढ़ सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!